Fresh Perspectives

लद्दाख में जनगणना 2027 की आबादी गणना सितंबर में, आज से शुरू हुआ स्व-गणना अभियान

लद्दाख में जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रक्रिया सितंबर में शुरू होगी। केंद्र शासित प्रदेश में स्व-गणना (Self-Enumeration) 17 से 31 अगस्त तक चलेगी, जबकि घर-घर जनसंख्या गणना का काम 1 से 30 सितंबर तक किया जाएगा।

लद्दाख देश का ऐसा पहला केंद्र शासित प्रदेश बनने जा रहा है, जहां जनगणना 2027 की पूरी प्रक्रिया पूरी होगी। जनसंख्या गणना के लिए पूरे लद्दाख में करीब 637 गणना ब्लॉक (Enumeration Blocks) बनाए जाएंगे, ताकि सभी क्षेत्रों को इसमें शामिल किया जा सके।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं जनगणना संचालन निदेशक अमित शर्मा ने बताया कि सितंबर में गणना कराने का कार्यक्रम क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम इलाकों, सीमित पहुंच और कठोर सर्दियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

जनसंख्या गणना के दौरान जनसंख्या वितरण, जनसांख्यिकीय संरचना, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियों, प्रवासन, दिव्यांगता, भाषा, प्रजनन क्षमता और आबादी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

जनगणना 2027 डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। इसके पहले चरण में 1 से 30 जून तक मकान सूचीकरण अभियान पूरा किया गया, जिसमें 100 प्रतिशत डिजिटल डेटा संग्रह का लक्ष्य हासिल किया गया।