भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं। क्रेमलिन द्वारा जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने इस दौरे को दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मजबूत संबंधों का प्रतीक बताया और कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
पुतिन ने भारत-रूस व्यापार कारोबार (ट्रेड टर्नओवर) में आई बढ़ोतरी पर संतोष जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत प्रयासों से द्विपक्षीय संबंधों को एक नई दिशा मिली है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) और ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से जल्द ही मुलाकात होगी।
बैठक के दौरान ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ भारतीय किसानों के लिए उर्वरक (फर्टिलाइजर) की सप्लाई बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि परमाणु ऊर्जा और हाई-टेक सेक्टर सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से प्रगति हो रही है।
विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने प्रधानमंत्री मोदी का संदेश राष्ट्रपति पुतिन तक पहुँचाया और सुबह हुई अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की प्रगति से अवगत कराया। इस उच्च स्तरीय बैठक में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, डेनिस मंतुरोव, यूरी उशाकोव और रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

More Stories
नेपाल में राहत और बचाव अभियान तेज, भारत की 11 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम त्रिशूली बाजार पहुंची
स्वदेशी अपनाएं, विदेशी शादियों और सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचें: प्रधानमंत्री मोदी की अपील
PM-DDKY की प्रगति समीक्षा: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 100 जिलों में प्रदर्शन सुधारने और किसानों को त्वरित लाभ पहुंचाने पर दिया जोर