मुख्यमंत्री शिवपुरी में छोड़ेंगे बाघों का जोड़ा, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश, जो पहले ही टाइगर स्टेट का दर्जा प्राप्त कर चुका है, जल्द ही अपने 9वें टाइगर रिजर्व से समृद्ध होगा। शिवपुरी जिले का माधव नेशनल पार्क अब आधिकारिक रूप से बाघ संरक्षित क्षेत्र बनने जा रहा है, जिससे चंबल क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा।
डॉ. यादव ने कहा कि वे माधव नेशनल पार्क में स्वयं बाघों का एक जोड़ा छोड़ेंगे। इससे न केवल वन्यजीव संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि चंबल रेंज में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि चंबल क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। एशिया में पहली बार चीतों को कूनो नेशनल पार्क में बसाया गया है, और चंबल नदी क्षेत्र में घड़ियाल एवं डॉल्फिन प्रोजेक्ट पर भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मीडिया के सामने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक बाघ मध्यप्रदेश में हैं, और इन्हें देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
अब, माधव नेशनल पार्क के टाइगर रिजर्व बनने से पर्यटकों को जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव मिलेगा, जिससे यह क्षेत्र मध्यप्रदेश के अन्य प्रमुख टाइगर रिजर्वों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।

More Stories
भगवान श्री राम के आदर्श को अपना रहे हैं प्रधानमंत्री श्री मोदी
भगवान राम ने रिश्तों का महत्व बताया और अपने आचरण से सदमार्ग पर चलने का दिया संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि