23 मई 2025। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में 26 मई को एक भव्य कृषि उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। यह सम्मेलन राज्य सरकार के इन्वेस्ट मध्य प्रदेश अभियान और वर्ष 2025 को “उद्योग एवं रोजगार वर्ष” के रूप में मनाने की पहल का एक अहम हिस्सा है।
कृषि उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, निवेश और रोजगार होंगे सृजित
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कृषि आधारित उद्योगों को मजबूती देना, खाद्य प्रसंस्करण में निवेश को आकर्षित करना तथा किसानों को बेहतर बाजार और तकनीक से जोड़ना है। सरकार चाहती है कि कृषि अब केवल उत्पादन तक सीमित न रहे, बल्कि इससे जुड़े उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।
उद्योग, किसान और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद का मंच
सम्मेलन में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, देशभर से आए उद्योगपति, किसान संगठनों (FPOs) और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।
यह आयोजन एक संवाद मंच की तरह कार्य करेगा, जहाँ नीति-निर्माता, किसान और औद्योगिक प्रतिनिधि एक-दूसरे से सीधे बातचीत कर सकेंगे।
प्रदर्शनी, भूमि आवंटन और निवेश घोषणाएं
सम्मेलन के दौरान: औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास व उद्घाटन किया जाएगा।
निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र, आशय पत्र (LoI) प्रदान किए जाएंगे।
प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि उपकरण, नवीन तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, बागवानी और पशुपालन की उन्नत विधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य
राज्य सरकार का मानना है कि “समृद्ध किसान ही समृद्ध मध्य प्रदेश और समृद्ध भारत का आधार है।” इसी दृष्टिकोण से सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदलने और युवाओं व महिलाओं को कृषि उद्योगों से जोड़ने के लिए नीतिगत प्रयास कर रही है।

More Stories
भगवान श्री राम के आदर्श को अपना रहे हैं प्रधानमंत्री श्री मोदी
भगवान राम ने रिश्तों का महत्व बताया और अपने आचरण से सदमार्ग पर चलने का दिया संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि