वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) के तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित किए। इसके साथ ही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पूरी तरह से तैयार होकर परिचालन में आ गया।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने 2,800 किलोमीटर से अधिक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण और संचालन को 21वीं सदी के भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देश में बदलती कार्य संस्कृति और तेज गति से हो रहे विकास का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की परिकल्पना वर्ष 2006 में की गई थी, लेकिन लंबे समय तक इसमें अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। पिछले एक दशक में परियोजना के तेज क्रियान्वयन ने देश के लॉजिस्टिक्स तंत्र को पूरी तरह बदल दिया है। मालगाड़ियों के लिए अलग कॉरिडोर उपलब्ध होने से यात्री रेल मार्गों पर दबाव कम हुआ है और माल परिवहन की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार आया है। यात्रा समय में कमी से ईंधन की बचत, पर्यावरण पर कम प्रभाव और तेज एवं स्वच्छ आपूर्ति श्रृंखला को बढ़ावा मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सौर, परमाणु और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी भविष्य की तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होगी। इसे देखते हुए सरकार देश के भविष्य के विकास को गति देने के लिए मजबूत और बहु-क्षेत्रीय ऊर्जा तंत्र तैयार कर रही है।
प्रधानमंत्री ने भारत के वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश अब आधुनिक ट्रेन और मेट्रो कोच का निर्माण स्वयं कर रहा है। भारतीय रेलवे के नेटवर्क में 50 हजार से अधिक आधुनिक कोच और 2.5 लाख से अधिक वैगन जोड़े गए हैं। उन्होंने ‘चिप से शिप’ तक स्थानीय उत्पादन की दिशा में आत्मनिर्भर आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने की बात कही, जिसमें अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर भारी समुद्री जहाज निर्माण तक के क्षेत्र शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने न्यू साणंद, न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगाम और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा टांडा रोड और वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इससे अलीराजपुर के दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे विस्तार परियोजनाओं और करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य गुजरात और मध्य प्रदेश में यातायात दबाव कम करने के साथ कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
इसके अलावा गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न नागरिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इनमें कडाणा बांध पर मेगावाट स्तर का फ्लोटिंग सोलर प्लांट और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास इकाइयां शामिल हैं।
बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवसारी का दौरा करेंगे, जहां वह भाजपा के नए एआई-सक्षम और हाईटेक कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।

More Stories
मुंबई में आज से ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
सशस्त्र बलों की मजबूती के लिए 1.10 लाख करोड़ रुपये के रक्षा प्रस्तावों को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
यूएन के समान क्षेत्रफल वाले विश्व मानचित्र प्रस्ताव के पक्ष में भारत ने किया मतदान