फीडर सोलराइजेशन के लिये विकासकों को सौंपे जायेंगे विद्युत क्रय अनुबंध
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘सूर्य-मित्र कृषि फीडर’ योजना में चयनित विकासकों को विद्युत क्रय अनुबंध वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री निवास में अनुबंध वितरण कार्यक्रम बुधवार 25 मार्च को सुबह
11:30 बजे आयोजित किया गया है।
अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव ने बताया है कि राज्य शासन की सूर्य-मित्र कृषि फीडर योजना में ग्रिड से जुड़े पृथक कृषि विद्युत फीडर्स तथा मिश्रित विद्युत फीडर्स से संचालित कृषि पम्पों को सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत फीडरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। योजना में सम्पूर्ण फीडर और विद्युत सब-स्टेशन का सोलराइजेशन किया जाएगा।
मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के एमडी श्री अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि सोलराइजेशन के लिये नियमानुसार जारी की गई निविदाओं में विभिन्न क्षेत्र के विकासकों ने भागीदारी की। इसमें आवश्यक अहर्ताएं पूरी करने वाले निवेशकों का चयन किया गया है। इन विकासकों के साथ 25 वर्षों तक विद्युत क्रय करने के लिये विद्युत क्रय अनुबंध हस्ताक्षरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में विकासकों को क्रय अनुबंध वितरित किये जायेंगे। यह योजना प्रदेश में कृषि क्षेत्र को सौर ऊर्जा से सशक्त बनाने, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

More Stories
सुशासन, निवेश और सांस्कृतिक गौरव के साथ आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
नीति, नवाचार और निवेश से आर्थिक समृद्धि के नए कीर्तिमान रचता मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में गौरवशाली व्यक्तित्वों से जुड़े स्थानों और विरासत स्थलों पर मंत्रि-परिषद बैठकों का हुआ नवाचार