वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के तीसरे चरण के अंतिम से एक दिन पहले भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। पुरुष टीमों ने दोनों स्वर्ण पदक हासिल कर प्रतियोगिता में देश का दबदबा कायम किया।
पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा में मौजूदा विश्व चैंपियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में इराक के अब्बास काधिम और अनवर अलदावूद को 152-139 के अंतर से हराया।
रिकर्व टीम स्पर्धा में दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने स्लोवाकिया के डेविड इवान और डेनिस इवान को 6-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।
महिला रिकर्व टीम में भावना और पूजा की जोड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। फाइनल में भारतीय जोड़ी को चीन की टीम के हाथों 0-6 से हार का सामना करना पड़ा।
मिक्स्ड टीम W1 (रिकर्व/कंपाउंड) स्पर्धा में स्वाति और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी की जोड़ी ने रजत पदक जीता। इसके बाद स्वाति ने व्यक्तिगत W1 वर्ग में भी कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने रूस की एलेना क्रुतोवा को 6-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
हालांकि, महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भारत कांस्य पदक से चूक गया। शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी को तीसरे स्थान के मुकाबले में चीन की वांग हुईटिंग और गाओ फांगशिया से हार का सामना करना पड़ा।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने प्रतियोगिता के अहम चरण में कुल पांच पदक हासिल कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

More Stories
20वें एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम, निशाने पर ‘गोल्ड’ और ओलंपिक कोटा
शीतल देवी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के फाइनल में पहुंचीं
एशियाई खेल 2026: भोपाल में भारतीय निशानेबाजी टीम का अंतिम प्रशिक्षण शिविर शुरू, मनु भाकर और ऐश्वर्य प्रताप होंगे शामिल